Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
मुंबई।
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज के तहत सोने की तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। डीआरआई अधिकारियों ने केन्या के नैरोबी से आई 24 विदेशी महिला कैरियर्स को पकड़ा है। उनके पास से 25.10 किलो सोने की रॉड और 4.27 किलो सोने के जेवर बरामद हुए हैं। उनके पास से 37.74 करोड़ रुपये कीमत का 29.37 किलो सोना बरामद हुआ है। इनमें से अधिकांश महिलाएं ट्रेंड कैरियर थीं, जो सोना तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही थीं। पुलिस अब इस मामले में तस्करी के मास्टरमाइंड का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

डीआरआई अधिकारी ने बताया कि यह एक अत्यधिक संगठित सिंडिकेट था, जो प्रशिक्षित महिला कैरियर्स की मदद से बड़े पैमाने पर सोना तस्करी कर रहा था। डीआरआई ने स्पष्ट किया कि ऐसे नेटवर्क देश की आर्थिक व्यवस्था और राजस्व को नुकसान पहुंचाते हैं तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर सकते हैं। सभी 24 महिला कैरियर्स को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच जारी है और सिंडिकेट के अन्य सदस्यों तथा मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही है।




