Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर हुई 15 लाख रुपये की लूट के मामले में द्वारका सेक्टर 23 थाना पुलिस ने तीनों लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरिनगर के संदीप, तिहाड़ गांव के संतोष मेहता और सदर बाजार के सूरज सोनकर के रूप में हुई। आरोपियों के पास से लूट के पैसों में से 11.96 लाख रुपये नकदी बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से और पैसे भी बरामद करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 6 अप्रैल को द्वारका एक्सप्रेसवे पर दिल्ली अपार्टमेंट्स के सामने दो बाइक सवार लुटेरों ने एक व्यक्ति से 15 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मोबाइल ट्रैकिंग और गुप्त जानकारी की मदद से पहले संदीप को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर उसके साथी संतोष मेहता को नांगलोई के पैराडाइज होटल से पकड़ा गया। संतोष के पास से 10 लाख रुपये नकदी बरामद हुई। पूछताछ में तीसरे आरोपी सूरज सोनकर को सदर बाजार से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1.96 लाख रुपये और लूट में इस्तेमाल हुई स्कूटी की पहचान हुई। इस दौरान आरोपियों से एक मोबाइल भी बरामद हुआ। यह मोबाइल लूट के पैसों से खरीदा गया था।




