Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: बुधवार नगर निगम गुरुग्राम (MCG) की सीएमओ टीम ने बुधवार को सूरत नगर फेज-2 में मीट की अवैध दुकानों पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 15 अवैध दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

टीम के मौके पर पहुंचते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपने सामान समेटते नजर आए, लेकिन कार्रवाई के दौरान टीम ने मीट तौलने में इस्तेमाल हो रहे तराजू, छुरियां और अन्य उपकरण जब्त कर लिए।
जांच के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में मछलियां आइस बॉक्स में रखी मिलीं। इसके अलावा खुले टब और ड्रम्स में जिंदा मछलियां भी भरी हुई थीं। पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैली हुई थी, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
आपको बता दें कि करीब दो महीने पहले भी MCG की टीम ने इसी क्षेत्र में अवैध मीट बाजार पर कार्रवाई की थी, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा अवैध कारोबार शुरू हो गया।
लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर इस बार फिर सख्त कदम उठाए गए। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों का ब्यौरा भी दर्ज किया है, जो नियमों का उल्लंघन कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।
MCG अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा इस तरह का अवैध कारोबार करते हुए कोई पाया गया, तो उसके खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




