Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
मानेसर, 3 अप्रैल। नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने शुक्रवार को सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में शहर की स्वच्छता को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए।संयुक्त आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिस क्षेत्र में एक बार सफाई हो चुकी है, वहां दोबारा गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। यदि निरीक्षण के दौरान साफ किए गए स्थान पर फिर से कचरा पाया गया, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सहायक सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि बल्क वेस्ट जनरेटर्स की साइटों का नियमित निरीक्षण किया जाए। यदि कहीं कूड़े का निष्पादन सही तरीके से नहीं पाया जाता है, तो संबंधित पर चालान के साथ उचित कार्रवाई की जाए।
अवैध रूप से खुले में कचरा डालने वालों के खिलाफ अभियान तेज करने के भी आदेश दिए गए। डंपिंग साइट्स पर रात्रि गश्त बढ़ाने और अवैध रूप से कूड़ा डालने वाले वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने की सिफारिश करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम क्षेत्र में सफाई कार्य कर रही एजेंसी के कर्मचारियों की दिन में दो बार उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सघन अभियान चलाकर पॉलीथीन जब्त करने और उल्लंघन करने वालों के चालान काटने के निर्देश भी दिए गए।
उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी ने कहा कि सभी सहायक सफाई निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था के लिए पूरी तरह जिम्मेदार होंगे। यदि कार्य में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो उसे तुरंत अवगत कराया जाए।
बैठक में सफाई अधिकारी एमएस सोढ़ी, सफाई निरीक्षक सुमित हुड्डा सहित सभी वार्डों के सहायक सफाई निरीक्षक उपस्थित रहे।




