Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 7 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने शराब पीते समय विवाद होने पर देवर को छत से धक्का देने वाली भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल देवर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
मेवात का रहने वाला रोहित ढोल बजाने और रिक्शा चलाने का काम करता था। वह गुरुग्राम सेक्टर-12 के व्यापार सदन में रहता था। 24 नंवबर की रात वह पैसे देने अपने दोस्त राहुल के घर आया था। जहां उसकी मुलाकात राहुल की सास बबली से हुई।
रोहित बबली का मौसेरा देवर था। दोस्त को पैसे देने के बाद रोहित बबली के साथ छत पर बैठकर शराब पीने लगा। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और आक्रोश में आकर बबली ने रोहित को छत से धक्का दे दिया।
छत से गिरने से गंभीर रूप से घायल रोहित को बबली के दामाद राहुल और बेटी पिंकी घायल अवस्था में उसके घर छोड़ आए। दर्द बढ़ने पर 27 नवंबर को रोहित अस्पताल पहुंचा। जिसके बाद मामले में पुलिस की एंट्री हुई। डाक्टरों ने रोहित को अनफिट बताकर पुलिस को वापस भेजा दिया।
अस्पताल में मामूली होश आने पर रोहित ने चोटों के लिए अपने दोस्त राहुल और उसकी पत्नी पिंकी पर शक जताया था। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो इस पूरे मामले के पीछे बबली का हाथ मिला। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल में उपचार के दौरान दिसंबर माह की शुरुआत में रोहित की मौत हो गई। बबली गुरुग्राम में घरों में साफ सफाई का काम करती है।



