
रोहतक: हरियाणा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। गोलीबारी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक घटना रोहतक से सामने आई है। यहां बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया, जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।
जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 4 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सीआईए-1 पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश नई अनाज मंडी के पास बालचंद चौक पर मौजूद हैं। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन रुकने के बजाय बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश नवीन के पैर में गोली लगी, जबकि बाइक गिरने से दूसरे बदमाश नीरज के पैर में फ्रैक्चर हो गया। दोनों को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। दोनों आरोपी रोहतक शहर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।