Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 3 जून। गुरुग्राम की एक महिला से निवेश से मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 1 लाख की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठग हाईबॉक्स ऐप के जरिए अब तक 30 हजार से अधिक लोगों को 500 करोड़ से ऊपर का चूना लगा चुके हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साइबर जालसाजों ने गुरुग्राम के कार्टरपुरी के सेक्टर-23ए निवासी ज्योति यादव को पैसे कमाने का लालच देकर एक लाख रुपये ठग लिए। यह ठगी हाईबॉक्स नामक ऐप के जरिए की गई। दिल्ली पुलिस इस ऐप के जरिए करीब 30 हजार लोगों से 500 करोड़ रुपये की ठगी का पर्दाफाश कर चुकी है। साइबर वेस्ट थाने में दर्ज कराई शिकायत में ज्योति ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं।
इसी दौरान उसे हाईबॉक्स नामक ऐप के बारे में जानकारी मिली। जिसमें निवेश और टास्क के नाम पर लोगों को मोटा मुनाफा देने का वादा किया जा रहा था। ज्योति ने बताया कि सोशल मीडिया पर देखे गए प्रचार के आधार पर उसने ऐप पर भरोसा किया।
उसने निवेश और टास्क के लिए हाईबॉक्स ऐप डाउनलोड किया। इसके बाद उसने अपने एसबीआई पालम विहार शाखा के खाते से दो बार में 50,000 रुपये (कुल 1 लाख) की राशि गूगल पे के जरिए ट्रांसफर की। हालांकि पैसे ट्रांसफर करने के बाद, उसे कोई रिटर्न नहीं मिला और ऐप का संपर्क भी टूट गया। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।
वहीं, कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस की एक जांच में पता चला था कि हाईबॉक्स ऐप ने करीब 30,000 लोगों से 500 करोड़ रुपये की ठगी की है। जिसमें कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स उसका प्रचार करते थे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।



