Bilkul Sateek News
बहादुरगढ़, 19 मार्च। दिल्ली पुलिस के एक पूर्व सब इंस्पेक्टर ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। पूर्व सब इंस्पेक्टर ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली उस वह घर में अकेला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 स्थित मकान नंबर 1155 की है। 54 वर्षीय पूर्व सब इंस्पेक्टर की पहचान मूल रूप से बामडोली गांव निवासी नरेंद्र छिकारा के रूप में हुई है। नरेंद्र छिकारा ने काफी समय पहले दिल्ली पुलिस से वीआरएस ले लिया था। हादसे के समय पूर्व सब इंस्पेक्टर नरेंद्र छिकारा घर में अकेला था।
सुसाइड करने से पहले वीडियो भी बनाया
खुद को गोली मारने से पहले नरेंद्र छिकारा ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। वीडियो में उसने पत्नी, बेटा, बेटी, ससुर और अपने साढू को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। नरेंद्र, बड़ी बेटी की इंटरकास्ट मैरिज से भी परेशान था। घरवालों का साथ छूटने से नरेंद्र तनाव में था। पत्नी द्वारा धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाने से भी वह परेशान था। नरेंद्र का एक बेटा और 2 बेटियां हैं। बड़ी बेटी की इंटरकास्ट मैरिज के समय से ही परिवार नरेंद्र से दूर रह रहा था।
इस बीच, सेक्टर 6 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्णकांत ने बताया कि पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर मौके से कई सबूत जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल भेज दिया गया है। नरेंद्र छिकारा के परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और एफआईआर दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



