Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 08 अप्रैल 2026 गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 06 अप्रैल 2026 को पुलिस चौकी मारुति कुंज, थाना भोंडसी को अस्पताल से सूचना मिली कि एक बच्चे को घायल अवस्था में लाया गया था, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतक बच्चे के पिता ने शिकायत में बताया कि वे श्याम कुंज, मारुति कुंज क्षेत्र में किराए पर रहते हैं। उनका 8 वर्षीय बेटा शिवांश त्रिपाठी स्कूल से लौटने के बाद पास की किराना दुकान पर गया था। वापस घर लौटते समय गली में एक स्कूल वैन चालक लापरवाही से वाहन को पीछे कर रहा था।
इसी दौरान वैन चालक ने बिना सावधानी बरते बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद वैन बच्चे के ऊपर चढ़ गई। गंभीर चोटों के चलते बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना भोंडसी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 07 अप्रैल 2026 को आरोपी वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान राकेश के रूप में हुई है, जो बिहार के मोतिहारी जिले के गांव मांगुरा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वैन भी बरामद कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





