Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में दो लोगों की हत्या कर दी गई। सेक्टर-10 में ग्रीन ओरा बैंक्वेट हॉल के पास डीडीए की जमीन से दोनों लोगों के शव बरामद हुए हैं। मौके पर एक जेसीबी मशीन भी खड़ी मिली है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। हालांकि दोनों की अभी पहचान नहीं हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को प्रशांत विहार थाना पुलिस को जानकारी मिली कि डीडीए की जमीन पर दो लोग बेहोश पड़े हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों व्यक्ति खून से लथपथ पाए गए। क्राइम टीम ने मौके से सुबूत जुटाए। मौके पर एक जेसीबी मशीन भी खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। दोनों घायलों को डॉ. अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की उम्र लगभग 35 और 50 वर्ष बताई जा रही है। दोनों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
मौके पर मौजूद बिहार के मुजफ्फरपुर के राम नगर के रोहित कुमार के बयान पर प्रशांत विहार थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में शालीमार बाग से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है और मृतकों की पहचान तथा हत्या के कारण का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।




