
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 14 जून। फरीदाबाद में गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच में जमकर खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान खूब लात घूसे, लाठी डंडे और चाकू चले। झगड़े में करीब आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। जिन्हें आनन-फानन में बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनको प्राथमिक उपचार होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पूरा मामला बल्लभगढ़ गुप्ता होटल के पास का है जहां कल रात करीब 8 बजे गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लात घूसे, लाठी डंडे और चाकू चलाए गए। पीड़ित पक्ष के लोगों ने बताया कि वे लोग गांव शाहपुरा खादर के रहने वाले हैं और बल्लभगढ़ किसी काम से आए थे। तभी जूस कॉर्नर के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े में दूसरे पक्ष के 10 से 15 लोगों ने उनके साथ बुरी तरीके से मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया फिलहाल वह इलाज के लिए सिविल अस्पताल आए हैं। पुलिस भी मौके पर आ गई है और वह कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, सिविल अस्पताल बल्लभगढ़ के डॉक्टर गविंदर ने बताया कि रात करीब 8 बजे कुछ लोग घायल अवस्था में पहुंचे थे। दोनों ही पार्टी के लोग हैं। इसमें से एक पार्टी के करीब चार से पांच लोग घायल हैं। तो वहीं दूसरी पार्टी के दो लोग घायल हैं। फिलहाल सभी को उपचार दे दिया गया है। पुलिस को भी सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
उधर, सूचना के बाद अस्पताल पुलिस टीम के साथ पहुंचे अग्रसेन चौकी प्रभारी तुषारकांत ने बताया कि कुछ लोगों के बीच में झगड़ा हुआ है, जिनको इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है अभी तक पुलिस के पास कोई भी शिकायत नहीं आई है। जैसे ही कोई शिकायत मिलेगी तो उसी के आधार पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी और बदमाशों को बिल्कुल नहीं छोड़ा जाएगा।