
File photo source: social media
गुरुग्राम, 24 मई। गुरुग्राम और करनाल में कोरोना के एक-एक मरीज के और सामने आने से हरियाणा में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इनमें गुरुग्राम का एक मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुका है और इस समय पूरे राज्य में कोरोना के सक्रिय नौ मामले हैं। वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट हो गई है। सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना के संदिग्ध मरीजों की टेस्टिंग शुरू करा दी गई है। रोहतक पीजीआई में बेड रिजर्व कर दिए गए हैं।
गुरुग्राम में एक डॉक्टर की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव है। सेक्टर 38 निवासी डॉक्टर दिल्ली के अस्पताल में नौकरी करता है और रोज यहां से अपडाउन करता है। डॉक्टर के अनुसार उसे कई दिन से बुखार हो रहा था। इसके बाद उन्होंने कोविड टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टर ने खुद को 2 दिन से होम आइसोलेशन में रखा हुआ है। डॉक्टर की किसी दूसरे देश की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। वहीं, नोडल अधिकारी डॉ. जेपी राजलीवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सेहत विभाग ने मरीज के सैंपल को जांच के लिए भेजा था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही गुरुग्राम में 3 दिन के भीतर कोरोना का यह चौथा मामला सामने आया है। गुरुग्राम जिले में कुल कोरोना के पांच मरीज सामने आए हैं, जिनमें से अब एक की रिपोर्ट नेगेटिव है।
उधर, करनाल में एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। 55 वर्षीय महिला पिछले हफ्ते ही दिल्ली गई थी, वहां से लौटने के बाद ही उसे खांसी, जुकाम हो गया था। जांच करवाई तो उसमें वह कोरोना पॉजिटिव निकली। फिलहाल उसे होम आइसोलेशन में रखा गया है।
गुरुग्राम के अलावा फरीदाबाद 3 और यमुनानगर में एक मरीज मिल चुका है। इनमें निजी अस्पताल की लेडी मैनेजर और सॉफ्टवेयर डेवलपर भी शामिल है। इन मरीजों में 4 महिलाएं शामिल हैं।
इससे पहले गुरुग्राम में शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव मिला मरीज 45 साल का है। वह वजीराबाद में सेक्टर 52 का रहने वाला है। उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, लेकिन शहर में आवाजाही में रहता है। वह प्राइवेट जॉब में है। 10 दिन पहले उसे बुखार हुआ था, लेकिन आराम नहीं हुआ। खांसी भी थी। कल इसका सैंपल लिया गया था। आज यह पॉजिटिव मिला है। उसे घर पर ही आइसोलेट किया गया है।
गुरुग्राम में 31 साल की महिला पॉजिटिव मिली थी। वह हाल ही में मुंबई से लौटी थी। इसके बाद बुखार नहीं उतरा तो जांच कराने पर कोविड पॉजिटिव मिली। जिसके बाद उसे होम आइसोलेट कर दिया गया।
गुरुग्राम के सेक्टर 70 में रहने वाले 62 वर्षीय बुजुर्ग भी कोरोना पॉजिटिव मिले। बुजुर्ग को बुखार और खांसी-जुकाम जैसे लक्षण थे। जिसके बाद कोरोना टेस्ट कराने पर वह पॉजिटिव निकले। जिसके बाद उन्हें होम आइसोलेट कर दिया गया। इनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी जांच शुरू कर दी गई है।
फरीदाबाद में 28 साल का युवक निजी मॉल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। उसे कुछ दिनों से बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम जैसी परेशानी थी। इसके चलते उसे डॉक्टरी जांच के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां कोरोना की जांच के लिए उसके सैंपल लिए तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
फरीदाबाद के दयालबाग सेक्टर-39 में शुक्रवार को 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर डेवलपर कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है और वर्क फ्रॉम होम कर रहा था। उसे 18 मई को बुखार और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत हुई, जिसके बाद वह एक दिल्ली के अस्पताल में पहुंचा। डॉक्टरों ने कोरोना जांच की सलाह दी। टेस्ट करवाने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। युवक की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है।
फरीदाबाद के सेक्टर-16 में रहने वाली 35 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। महिला ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में बतौर मैनेजर कार्यरत है। उसे 21 मई को बुखार आया था, जिसके बाद उसने डॉक्टर की सलाह पर कोरोना टेस्ट करवाया। 22 मई को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल महिला को घर पर ही आइसोलेट किया गया है और उसकी तबीयत स्थिर बताई जा रही है।
यमुनानगर में 50 साल की महिला 10 दिन पहले समागम में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्य के साथ मोहाली गई थी। जहां 17 मई को उसकी तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उसे फोर्टिस में भर्ती कराया गया। वहां 3-4 दिन तक कोई सुधार नहीं हुआ तो कोरोना टेस्ट किया गया। जिसमें महिला पॉजिटिव पाई गई। महिला को अस्थमा की बीमारी भी है, जिस वजह से उसकी हालत गंभीर है।