
Image source : social media
नई दिल्ली : दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पदभार संभालने के बाद उनके मामा के घर में जश्न का माहौल बन गया। फतेहाबाद के मॉडल टाउन में रहने वाले उनके मामा विनोद गोयल के घर और प्रतिष्ठान पर गुरुवार को खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, वैसे ही परिवार और समर्थकों ने मिठाइयां बांटी और ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर जश्न मनाया।
रेखा गुप्ता के मामा विनोद गोयल ने बताया कि रेखा उनकी बहन उर्मिला जिंदल और जीजा जयभगवान जिंदल की बेटी हैं। जयभगवान जिंदल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि रेखा गुप्ता का स्वभाव बेहद सरल और मिलनसार है। वह हर किसी की बात ध्यान से सुनती हैं और अगर कोई उनसे फोन पर भी संपर्क करेगा, तो वे अवश्य जवाब देंगी।
परिजनों के मुताबिक, रेखा गुप्ता करीब चार महीने पहले अपनी ममेरी बहन अलीषा गोयल की शादी में फतेहाबाद आई थीं और इससे पहले भी वह कई बार अपने मामा के घर आती रही हैं। दिल्ली चुनाव प्रचार के दौरान भी परिवार के लोग उनके समर्थन में दिल्ली गए थे और चुनावी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई थी।
मुख्यमंत्री बनने की खुशी सिर्फ परिवार तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इस जश्न में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते हुए अपनी खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने का स्वागत किया। रेखा गुप्ता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनका परिवार और समर्थक बेहद गर्वित महसूस कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे अपने कार्यकाल में दिल्ली को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।