file photo source : social media
Bilkul Sateek News
कुरुक्षेत्र, 20 मार्च। प्रदर्शनकारी किसान आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यहां स्थित निवास का घेराव करेंगे। किसानों की महापंचायत और सीएम सैनी के आवास को घेरने की घोषणा को देखते हुए पूरे जिले में पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।
मालूम हो कि हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धरना दे रहे किसानों को वहां से हटा दिया है और किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर समेत कई किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया है। किसानों का पक्का मोर्चा और तंबुओं को जेसीबी से उखाड़ दिया गया है। किसानों को हटाए जाने के बाद आज बॉर्डर खुलने की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि किसानों ने पहले ही कुरुक्षेत्र में सीएम नायब सिंह सैनी के आवास घेरने का ऐलान किया था। आज किसान कुरुक्षेत्र के पिपली में चौधरी देवीलाल पार्क में महापंचायत करेंगे और उसके बाद सैनी के निवास का घेराव करेंगे। इसको लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है।
बता दें, चंडीगढ़ में कल केंद्रीय मंत्रियों के साथ किसान नेताओं की बैठक बेनतीजा रही। जिसके बाद वापस धरने की ओर जा रहे किसान नेताओं को मोहाली पुलिस ने जगतपुरा प्वॉइंट के पास हिरासत में ले लिया। इन किसान नेताओं में जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवन सिंह पंधेर समेत कई किसान नेता शामिल हैं।



