
Bilkul Sateek News
करनाल, 5 मार्च। करनाल में ईवीएम स्ट्रांग रूम को लेकर विवाद गहरा गया है। यहां लगी एलईडी स्क्रीन अचानक बंद हो गई। जिसके बाद विपक्ष ने ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एलईडी स्क्रीन लगभग 28 मिनट तक बंद रही।
ईवीएम स्ट्रांग रूम सेक्टर 14 स्थित राजकीय महाविद्यालय में बनाया गया है। यहां पर चार कमरों में ईवीएम को सुरक्षित रखा गया है। यहां लगी एलईडी स्क्रीन मंगलवार शाम करीब 4.25 मिनट पर अचानक बंद हो गई और लगभग 28 मिनट तक बंद रही। उस दौरान वहां लगा वाईफाई काम करता रहा। जिसके बाद मेयर और पार्षद प्रत्याशियों वहां की सुरक्षा पर सवाल उठा दिए।
कांग्रेस प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि ईवीएम की सुरक्षा में चूक हुई है और इसकी निष्पक्षता पर संदेह है। कांग्रेस प्रत्याशी रोहित जोशी ने बताया कि उन्हें बताया गया कि बिजली जाने की वजह से एलईडी बंद हुई है। उन्होंने कहा कि तब तो इंटरनेट का राउटर भी बंद हो जाना चाहिए था, परंतु ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर संदेह होना लाजिमी है।
इस बीच, कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी मनोज वाधवा ने कहा कि उन्होंने जानकारी होने के बाद रोहित से वीडियो में सबकुछ रिकॉर्ड करने के लिए कहा था। जब वे खुद मौके पर पहुंचे तो एलईडी तब भी बंद थी। इस पर दो बार एडीसी को कॉल किया, परंतु कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन की निष्पक्षता पर सवालिया निशान लगाए हैं।
उधर, सुरक्षाकर्मियों ने कहा उन्हें जैसी जानकारी हुई उनके द्वारा तुरंत मजिस्ट्रेट को जानकारी दे दी और फिर एडीसी को भी सूचित कर जल्द समाधान कर दिया गया। इस बीच, ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि यह तकनीकी कारण या मौसम की खराबी के कारण भी ऐसा हो सकता है। तकनीकी टीम ने एलईडी को ठीक कर दिया था। परंतु प्रत्याशी लगातार प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।