रेवाड़ी, 13 मार्च। होली की पूर्व संध्या पर आज रेवाड़ी जिले में जबरदस्त ओलावृष्टि हुई। इस ओलावृष्टि ने 50 से ज्यादा गांवों में तबाही मचा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम धारूहेड़ा क्षेत्र में गुर्जर घटाल, आकेडा महेंश्वरी और आसपास गांवों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से सरसों की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर 80 से 90 फीसदी फसल नष्ट हो गई। जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
आज दोहपर को पहले यहां हल्की बारिश हुई थी। जिससे किसानों को राहत मिली थी। लेकिन शाम होते ही ओलावृष्टि ने किसानों की नींद उड़ा दी।
गुर्जर घटाल के सरपंच प्रतिनिधि ऋषि तोंगड, रणधीर सिंह गढी अलावलपुर, आकेडा से कृष्ण और किसान वीरेंद्र के अनुसार दिन में हुई बारिश से किसान खुश थे, लेकिन शाम को हुई ओलावृष्टि ने उनकी खुशियों पर पानी फेर दिया।
ओलावृष्टि से सरसों की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। किसानों को ज्यादा नुकसान हुआ है। इस बार उम्मीद थी कि अच्छी फसल होगी और मुनाफा अच्छा होगा, लेकिन ओलावृष्टि ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया दिया है। धुलंडी के बाद किसान मुआवजे की मांग को लेकर उपायुक्त से मिलेंगे।



