Bilkul Sateek News
चंडीगढ़, 5 मार्च। किसानों के चंडीगढ़ में धरने के ऐलान के बाद आज चंडीगढ़-जीरकपुर हाइवे पर जबरदस्त जाम लगा हुआ है। वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रहे हैं। जाम में फंसे लोग काफी परेशान दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने किसान धरने को देखते हुए 12 रूटों को भी डायवर्ट कर रखा है।
किसानों के आज धरने को लेकर चंडीगढ़ कूच को लेकर पंजाब के साथ लगते सभी एंट्री पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग के साथ भारी पुलिस फोर्स तैनात है। किसानों को चंडीगढ़ में आने से रोकने के लिए जबरदस्त घेराबंदी की गई है। जिससे चंडीगढ़ आने वाले रास्तों पर जबरदस्त जाम लग गया है। चंडीगढ़-जीरकपुर हाइवे पर 1 से दो किलोमीटर लंबा जाम यात्रियों के परेशानी का सबब बन गया है। दिल्ली-अंबाला और पटियाला रूट वाले इस हाइवे पर वाहनों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं।
जाम में फंसे लोग ड्यूटी के लिए लेट रहे हैं या फिर किसी को अस्पताल जाना है तो कोई अन्य जरूरी काम से घर से निकला है। लेकिन वह जाम में फंसकर रह गया है।
किसानों के धरने को देखते हुए आज सुबह से जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। जिनके जरिए वाहनों को एक-एक कर चंडीगढ़ की ओर भेजा जा रहा है। जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य मार्गो पर यातायात जाम हो गया है।



