Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
सेक्टर-37 में एक उबर कैब चालक के साथ धोखाधड़ी हो गई। जिसे चालक ने मदद के लिए बुलाया था वही उसकी गाड़ी लेकर भाग गया और वह पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल डलवाकर बिना पैसे दिए भाग गया है। इस वजह से चालक को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने इस मामले में पुलिस को शिकायत की तो पुलिस ने भी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले विकास गुड़गांव में रहते हैं। शुक्रवार देर रात उनकी ह्युड्ई ओरा कार एनएच-8 सर्विस रोड पर अनाज मंडी हरि नगर अंडरपास के पास एक गड्ढे में फंस गई। विकास कार निकालने की कोशिश कर रहे था, लेकिन कार निकल ही नहीं पा रही थी। तभी कुछ राहगीर मदद के लिए रुके। उनमें से एक युवक ने कहा कि उसने कल भी इस गड्ढे में फंसी एक कार निकाली थी। वह ड्राइवर सीट पर बैठकर विकास से गाड़ी को पीछे से धक्का देने को कहता है। सभी ने मिलकर कार को गड्ढे से बाहर निकाला। जैसे ही कार निकली, वह युवक कार को लेकर आगे चला गया। विकास ने सोचा कि शायद वह यू-टर्न लेकर वापस आएगा, लेकिन वह नहीं लौटा।
किसी तरह विकास घर पहुंचा। वहां दूसरी तरफ आरोपी युवक जब गाड़ी का ईंधन खत्म होने लगा तो उत्तर प्रदेश के एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और वहां पर ईंधन डलवाकर बिना पैसे दिए ही भाग गया। पेट्रोल पंप कर्मियों ने इसकी शिकायत वहां की पुलिस को की। पुलिस ने गाड़ी का नंबर निकाला और फिर विकास के मोबाइल नंबर का पता किया।
सुबह जब सवेरा हुआ तो गाजियाबाद पुलिस ने विकास को कॉल करके बताया कि उनकी कार एक पेट्रोल पंप पर गई थी। वहां से बिना पैसे दिए चालक भाग गया। इसके बाद पुलिस को विकास ने बताया कि उसकी कार रात को कोई लेकर भाग गया था। उसकी शिकायत पर गुड़गांव पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं दावा किया जा रहा है कि इस कार की जानकारी देने वाले को इनाम भी दिया जाएगा।




