गुरुग्राम, 13 फरवरी 2026।
सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नए साल की शुरुआत ही नियम तोड़ने वालों के लिए भारी पड़ने वाली बना दी। 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में ब्लैक फिल्म लगे 809 वाहनों के चालान किए गए। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 80 लाख 90 हजार रुपये दर्ज की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह अपराध की आशंका को भी बढ़ाता है। गाड़ियों के शीशों पर गहरी फिल्म होने से अंदर की गतिविधियां स्पष्ट नहीं दिखतीं, जिससे आपराधिक घटनाओं को अंजाम देना आसान हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जनवरी माह में सघन जांच अभियान चलाया गया।
यातायात पुलिस का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि गुरुग्राम की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाना है। अभियान के दौरान यह भी पाया गया कि कई दोपहिया चालक बिना नंबर प्लेट के वाहन चला रहे हैं और ट्रिपल राइडिंग कर रहे हैं। ऐसे मामलों में भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर केवल दो लोग ही सफर करें और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें और गलत दिशा में वाहन न चलाएं। इसके अलावा कारों में ब्लैक फिल्म का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित है, इसलिए नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान एक महीने तक सीमित नहीं रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। गुरुग्राम की सड़कों पर अब नियम तोड़ने वालों के लिए कोई ढील नहीं, क्योंकि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना ही पुलिस की प्राथमिकता है।



