गुरुग्राम मॉडल से प्रेरित होगा ‘विकसित केरलम्’, विकास को समझने साइबर सिटी पहुंचा केरल का प्रतिनिधिमंडल
गुरुग्राम, 14 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन के तहत ‘विकसित केरलम्’ की दिशा में कदम बढ़ाते हुए केरल में निकाय चुनाव जीतने वाले भाजपा जनप्रतिनिधियों का आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को गुरुग्राम पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने साइबर सिटी के विकास मॉडल, शहरी ढांचे और बुनियादी सुविधाओं का अध्ययन किया तथा हरियाणा सरकार के कार्यों की सराहना की।

केरल के मेयरों और पंचायत सदस्यों के इस स्टडी ग्रुप ने गुरुग्राम नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। निगम कमिश्नर और मेयर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, कचरा निस्तारण प्रणाली, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सड़कों और शहरी सुविधाओं के विकास कार्यों को प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा सरकार विकसित हरियाणा के संकल्प के साथ शहरों और ग्राम पंचायतों के समग्र विकास पर निरंतर कार्य कर रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम में विभिन्न विकास स्थलों का दौरा किया। सदस्यों ने कचरा प्रबंधन संयंत्र और एसटीपी प्लांट का निरीक्षण किया तथा धार्मिक स्थल माता शीतला मंदिर में दर्शन भी किए। उन्होंने स्थानीय व्यवस्थाओं और शहरी नियोजन को करीब से समझा।
इस दौरान भाजपा के गुरुकमल कार्यालय में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित कई नेताओं ने प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया समन्वयक के रूप में दल के साथ मौजूद रहे।
त्रिस्सुर नगर निगम के नेता रघुनाथ सी. मेनन ने कहा कि हरियाणा की सरकार ने शहरी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम का इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशासनिक समन्वय केरल के लिए प्रेरणादायक है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि हरियाणा के विकास कार्यों की चर्चा पूरे देश में हो रही है और वे यहां के मॉडल से सीख लेकर अपने राज्य में बेहतर कार्य करेंगे।
प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने कहा कि केरल निकाय चुनाव में भाजपा को मिला जनादेश पार्टी की विकास नीतियों पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान विकास को नई गति देगा। उन्होंने यह भी कहा कि केरल की जनता पारदर्शी और विकासोन्मुख शासन चाहती है।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि स्थानीय निकाय जनसेवा का सबसे प्रभावी माध्यम हैं और जमीनी स्तर पर विकास की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि केरल में भाजपा की सफलता कार्यकर्ताओं के लंबे संघर्ष और समर्पण का परिणाम है।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम के विकास कार्यों को सराहते हुए भविष्य में सहयोग और अनुभव साझा करने की प्रतिबद्धता जताई।



