Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने गोगी गैंग के एक गुर्गे को अलीपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत के पांची गांव के पवन उर्फ पोना के रूप में हुई है। आरोपी इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार दिखाकर गैंगस्टर लाइफस्टाइल दिखा रहा था। छापेमारी में उसके पास से सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को आउटर नॉर्थ जिले की टीम ने इंस्टाग्राम पर ‘gangsterpona’ नाम की प्रोफाइल देखी। इसमें युवक अवैध हथियार लहराते हुए दिख रहा था। तुरंत तकनीकी निगरानी शुरू की गई और डिजिटल फुटप्रिंट ट्रैक कर आरोपी की लोकेशन पता की गई। इसके बाद पुलिस ने अलीपुर थाना इलाके में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल व दो कारतूस बरामद हुए।
जांच में पता चला कि पवन गोगी गैंग का गुर्गा है और वर्तमान में योगेश उर्फ टुंडा के निर्देश पर काम कर रहा था। वह हिस्ट्रीशीटर है और दिल्ली में उसके खिलाफ 9 केस दर्ज हैं। इनमें लूटपाट, वसूली, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।




