Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में शराब के नशे में बेटे ने ही पिता व चाचा को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ईश्वर के रूप में हुई है। वह कुछ दिनों पहले ही यहां पर पिता व चाचा के साथ रहने के लिए आया था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि मोहन गार्डन के एक मकान में दो व्यक्ति संदिग्ध हालात में मृत पाए गए थे। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चारों तरफ बीयर व शराब की बोतलें बिखरी पड़ी थीं। मृतकों की पहचान देवेंद्र कुमार और उनके भाई अमित के रूप में हुई। दोनों से मारपीट की गई थी जिस वजह से उन्हें अंदरुनी चोट भी आई थी। क्राइम टीम और एफएसएल ने सुबूत जुटाए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेजा।
जांच में पता चला कि शराब पीने के बाद घर में झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद देवेंद्र का बेटा ईश्वर भाग गया था। मकान मालिक नरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने यह मकान देवेंद्र कुमार को 9 हजार रुपये में किराये पर दिया था। करीब 10-12 दिन पहले देवेंद्र कुमार अपने भाई अमित और बेटे ईश्वर के साथ यहां शिफ्ट हुए थे। 3 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे उन्हें पड़ोसियों ने बताया कि नए किरायेदार झगड़ रहे हैं। नरेश कुमार अपने बेटे वंश के साथ वहां पहुंचे। ईश्वर ने दरवाजा खोला और वह नशे में था। नरेश कुमार ने उसे समझाया और घर लौट आए। इसके कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि ईश्वर ने अपने पिता देवेंद्र और चाचा अमित को मार डाला है।
जब वे दोबारा पहुंचे तो दोनों के शव फर्श पर पड़े थे। द्वारका जिला पुलिस की टीम ने मंगलवार को आरोपी ईश्वर को मोहन गार्डन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान ईश्वर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।




