Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
द्वारका जिले के डाबरी थाना इलाके में राम नवमी के मौके पर पूजा से लौट रही 58 वर्षीय महिला की गोल्ड चेन छीनने वाले झपटमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वसंत कुंज की मसूदपुर डेयरी के करण शिवपुरी उर्फ कांची के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी दर्जन भर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और सोना महंगा होने के बाद सोने की चेन छपटकर उसे बेच देता था। इस मामले में आरोपी का एक और साथी दबोचा गया है, लेकिन ज्वेलर अभी तक फरार है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 26 मार्च को डाबरी थाने में शिकायत दर्ज हुई थी कि एक महिला जब पूजा करके घर लौट रही थी तो बाइक सवार एक व्यक्ति ने उसकी सोने की चेन छीन ली। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने पूरे इलाके के 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 25 किमी तक आरोपी की गतिविधियों को ट्रेस किया। इसके बाद उसे मसूदपुर डेयरी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर बाइक, फर्जी नंबर प्लेट बरामद कर ली गई। करण शिवपुरी ने बताया कि उसने छीनी गई चेन रंगपुरी के अपने साथी विपिन कुमार उर्फ बंटी को बेच दी थी। विपिन ने चेन को महिपालपुर के दादा भैया मार्केट स्थित बालाजी ज्वेलर्स के मालिक हिमांशु वर्मा को 1 लाख 18 हजार रुपये में बेच दी। विपिन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 80 हजार रुपये बरामद किए गए। फिलहाल ज्वेलर हिमांशु वर्मा फरार है, उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। जांच के दौरान पता लगा कि करण शिवपुरी पर पहले से ही 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं।




