
Bilkul Sateek News
चंडीगढ़, 5 अप्रैल। पंजाब के फरीदकोट में सेना के 2 जवानों पर कल रात कई राउंड फायरिंग की गई। हमले के वक्त जवान निहत्थे थे। हमले में जवानों की जान बाल-बाल बची है। उधर, पठानकोट में भी अलर्ट जारी है। बताया जा रहा है कि यहां कुछ संदिग्ध लोग देखे गए हैं।
बताया जा रहा है कि, शुक्रवार रात सेना के दो जवानों पर फरीदकोट के बेगुवाला गांव के पास हमला किया गया। दोनों अपने वाहन से जा रहे थे और उस वक्त सिविल ड्रेस में थे। इसी बीच कुछ लोगों ने उनपर गोलियां चलाईं। इस हमले में जवानों के वाहन पर गोलियां लगी हैं। वाहन पर बुलेट के निशान पाए गए हैं। गनीमत रही कि, जवान गोलियों की चपेट में नहीं आए।
वहीं, हमले को लेकर सेना के कमांडिंग ऑफिसर ने पंजाब पुलिस को मामले से अवगत कराया है और मामला दर्ज करा जल्द कार्रवाई की बात कही है। इधर, मामले के सेना से जुड़े होने पर फरीदकोट SP ने जल्द बदमाशों को गिरफ्त में लेने और सख्त कार्रवाई की बात कही है। फरीदकोट पुलिस की टीम इस मामले की जांच में जुट गई है।
उधर, दूसरी तरफ पठानकोट में भी अलर्ट जारी है। बताया जा रहा है कि यहां कुछ संदिग्ध लोग देखे गए हैं। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने लोगों को सतर्क और सावधान रहने को कहा है। लोगों से कहा गया है कि, वह किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पंजाब पुलिस सेना के साथ मिलकर यहां संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला रही है।