
Image Source : social media
शिमला, 6 जनवरी। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में कल शाम एक ड्रग तस्कर हरियाणा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हरियाणा पुलिस ने स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस फरार ड्रग तस्कर की तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जिले के उपमंडल ठियोग के मतियाना का है। हरियाणा के पानीपत में थाना चांदनी बाग में एक जनवरी को एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत पानीपत के गांव गढ़ी चाजू रामेश्वर के पुत्र पवन उर्फ मिस्त्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान कल शाम लगभग 5.45 बजे पवन हरियाणा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हरियाणा पुलिस के एसआई सुभाष चंद की शिकायत पर ठियोग थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।