
photo source: scoial media
Bilkul Sateek News
चंडीगढ़, 10 मई। भारत पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच चंडीगढ़ में आज देशभक्ति का जज्बा लिए हजारों युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वे सभी युद्ध के हालत में अपनी सेवाएं स्वेच्छा से देश को देनेे के लिए तैयार दिखाई दिए। इस दौरान वहां लगातार भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे गूंज रहे थे।
चंडीगढ़ प्रशासन ने यहां के युवाओं को सिविल डिफेंस वालंटियर के रूप में जुड़ने और आपातकालीन स्थिति में सहायता करने के लिए आमंत्रित किया था। इस पर चंडीगढ़ प्रशासन की एक अपील पर हजारों युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
आज सुबह 10.30 बजे सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में सिविल डिफेंस नामांकन और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसके लिए यहां पर देशभक्ति का जज्बा लिए 25 हजार से ज्यादा युवा पहुंच गए।
इसको लेकर युवाओं में इतना जोश देखा गया कि शिविर में चंडीगढ़ से बाहर के युवा भी बड़ी संख्या में पहुंचे। जिसको देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने उनसे अपना पंजीकरण ना करवाने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि जो स्थानीय युवा होंगे उनसे तुरंत ही मदद ली जा सकती है, लेकिन बाहरी लोगों का तत्काल मौके पर पहुंचना संभव नहीं हो पाता है।