
file photo source: social media
Bilkul Sateek News
28 करोड़ 62 लाख की चार परियोजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन
पिहोवा हल्के के विकास के लिए 35 करोड़ की राशि
पिहोवा, 23 दिसंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को जहन में रखकर ही हरियाणा प्रदेश को जल्द से जल्द विकसित राज्य बनाया जाएगा। इस विजन को लेकर ही हरियाणा के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास तथा हरियाणा एक-हरियाणवी एक की नीति को लेकर सामान रूप से विकास कार्य किया जा रहा है। अहम पहलू यह है कि इस सरकार ने विपक्षी दलों के विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में भी समान रूप से विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज पिहोवा अनाजमंडी में भाजपा नेता एवं रैली के संयोजक जय भगवान शर्मा डीडी द्वारा आयोजित धन्यवाद रैली में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 1 करोड़ 28 लाख की लागत से निर्मित प्राची सरस्वती डिस्ट्रीब्यूट्री पुल का उद्घाटन, 2 करोड़ 47 लाख की लागत से टयूकर माइनर के जीर्णाेद्धार कार्य का शिलान्यास, 19 करोड़ 76 लाख की लागत से निर्मित 50 बिस्तर के सरकारी अस्पताल का उद्घाटन, 5 करोड़ 11 लाख की लागत से निर्मित किसान सेवा सदन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने पिहोवा के लोगों को 28 करोड़ 62 लाख की लागत से चार परियोजनाओं की सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने पिहोवा धन्यवाद रैली के सफल आयोजन पर भाजपा नेता एवं संयोजक जय भगवान शर्मा डीडी के साथ-साथ क्षेत्र के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इसी लक्ष्य में हरियाणा का योगदान देने के लिए प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में लोगों की आशा के अनुरूप चहुंमुखी विकास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिहोवा के विकास में भी कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस हल्के का भी तेजगति के साथ विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता भाजपा सरकार के कार्यकाल के 10 सालों का हिसाब मांगते थे, लेकिन जब उन्होंने विपक्ष के नेता के साथ सवाल किए तब विपक्ष का कोई भी नेता उनके सवालों का जवाब नहीं दे पाया। प्रदेश की जनता ने विधानसभा नतीजों में कांग्रेस के साथ-साथ सभी विपक्षी दलों को करारा जवाब देने का काम किया है। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश के साथ-साथ पिहोवा हल्के में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में तीन गुणा गति से विकास कार्य करवाए जाएंगे। सरकार ने पट्टेदार किसानों को उनकी जमीन का मालिकाना हक का लाभ दिया, एक लाख 25 हजार करोड़ रुपये की राशि प्रदेश के किसानों के खातों में सीधा जमा करवाई गई। हरियाणा के किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाएगा, बारिश कम होने के कारण सरकार ने 825 करोड़ रुपये की राशि किसानों के खातों में जमा करवाई है। उन्होंने कहा कि पिहोवा हल्के में 180 घोषणाएं की गई, जिनमें से 104 घोषणाओं पर कार्य पूरा किया गया। हरियाणा प्रदेश में 24 हजार बच्चों को नियुक्ति देने के उपरांत सीएम पद की शपथ ली, बिना पर्ची बिना खर्ची 2 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त एक लाख 20 हजार बच्चों की नौकरियां सुरक्षित करने का काम भाजपा सरकार ने किया है।
सांसद नवीन जिंदल ने रैली के सफल आयोजन पर भाजपा नेता जय भगवान शर्मा को बधाई और शुभकामना देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा से पहली बार मुख्यमंत्री सैनी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीसरी बार जीताकर राष्ट्र को विकसित करने के मार्ग को आसान करने का काम किया है। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में आने वाले 10 सालों यानि वर्ष 2035 तक विकसित राज्य बनेगा। इस पिहोवा हल्के के विकास में भी मुख्यमंत्री सैनी कमी नहीं आने देंगे, क्योंकि पिहोवा हल्के के साथ मुख्यमंत्री का लंबे समय से खासा लगाव रहा है।
भाजपा नेता जय भगवान शर्मा ने मुख्यमंत्री सैनी के साथ-साथ सभी मेहमानों का स्वागत करते हुए पिहोवा हल्के के नागरिकों की तरफ से तमाम मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए कहा कि हरियाणा के विकास पुरुष मुख्यमंत्री सैनी पिहोवा हल्के की सभी मांगों को पूरा करने के साथ-साथ भविष्य में कभी विकास कार्यों में कमी नहीं आने देंगे। इस रैली को सफल बनाने पर हल्के के नागरिकों को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस हल्के के एक-एक व्यक्ति के दुःख-सुख में हमेशा साथ रहेेंगे और गांव और शहर के वार्डों का मुख्यमंत्री सैनी के आशीर्वाद से विकास करवाएंगे। धन्यवाद रैली को पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील राणा, प्रदेश सचिव राहुल राणा, जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर, नपा चेयरमैन आशीष चक्रपाणी, भाजपा नेता रामधारी शर्मा और भाजपा के युवा नेता रूबल शर्मा ने भी संबोधित किया। मंच का संचालन भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया।