Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
सेक्टर 10 इलाके में ट्रक चालक ने 25 वर्षीय युवती से दुष्कर्म करने के बाद उसका गला रेत दिया। युवती किसी तरह बच गई और फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान शरीफ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका ट्रक भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, महिला मूल रूप से असम की रहने वाली है और पति के साथ गुड़गांव में रहती है। शनिवार शाम वह अपने पति को ढूंढते हुए सरस्वती एनक्लेव पहुंची। वहां उसे शरीफ मिला, जो ट्रक ड्राइवर है। उसने शरीफ से पूछा कि क्या वह उसके पति को जानता है। शरीफ ने कहा कि वह उसके पति को जानता है और युवती को ट्रक में बैठने को कहा। युवती ट्रक में बैठते ही शरीफ ने दरवाजे बंद कर दिए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद जब शरीफ ट्रक से बाहर निकला तो महिला ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। गुस्साए शरीफ ने ट्रक की साइड खिड़की का शीशा तोड़ दिया और दरवाजा खोलकर अंदर घुसा। गुस्से में उसने कांच के टुकड़े से महिला का गला रेत दिया। जब वह दर्द से चिल्लाने लगी तो आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे। इस दौरान वह वहां से भागी और पुलिस को शिकायत की। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल लेकर गए। यहां पर उनका इलाज किया गया।
सेक्टर 10 ए थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसका ट्रक भी जब्त कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




