Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में अवैध डेयरी पर चला बुलडोजर, शराब बेचने वाला आरोपी पुलिस के निशाने पर
गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों और अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने ओम विहार फेज-1, कला गेट के पास करीब 200 वर्ग गज में बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

पुलिस के मुताबिक यह अवैध निर्माण नाथूपुर निवासी विकास द्वारा किया गया था। आरोपी यहां डेयरी चलाने की आड़ में अवैध शराब बेचने का काम करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत पहले से 6 मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई गुरुग्राम पुलिस की पालम विहार क्राइम ब्रांच और जिला प्रशासन के संयुक्त अभियान के तहत की गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को हटाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर डेयरी बना रखी थी और वहीं से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस का कहना है कि शहर में आदतन अपराधियों और भूमाफियाओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।
गुरुग्राम पुलिस ने साफ कहा है कि सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करने वालों और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
