Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Auhtor: Pardeep Narula
गुरुग्राम में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, गैंगस्टर दीपक नांदल का शार्प शूटर ढेर
गुरुग्राम में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर दीपक नांदल के एक शार्प शूटर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। यह एनकाउंटर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों को क्राइम ब्रांच की टीम हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया।
मृतक की पहचान पंजाब के तरन तारन निवासी गुरुशेर सिंह उर्फ शेरा (23) के रूप में हुई है। वहीं दूसरा आरोपी जसपाल उर्फ बबल (28) घायल बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गैंगस्टर दीपक नांदल के लिए काम करते थे।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर 10 से ज्यादा राउंड फायर किए। इस दौरान कॉन्स्टेबल नवीन के पैर में गोली लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गुरुशेर को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मी और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों आरोपियों का नाम हाल ही में हुए फायरिंग केस में सामने आया था। 2 मई की रात हरियाणवी सिंगर Rahul Fazilpuria के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ के घर के बाहर फायरिंग की गई थी। उस घटना में हरियाणा पुलिस के जवान कुलबीर को गोली लगी थी। इसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंगस्टर Deepak Nandal और राहुल फाजिलपुरिया के बीच पुराने कारोबारी रिश्ते थे। बाद में पैसों के लेनदेन और निवेश को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी विवाद के बाद धमकी और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं।
फिलहाल गुरुग्राम पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों के पास हथियार कहां से आए और इस गैंग से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
