Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया पर लड़की बनकर लोगों को जाल में फंसाने वाले 3 नाइजीरियन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी लड़की की प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करते थे और फिर अलग-अलग बहानों से पैसे ठग लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, 25 अप्रैल 2025 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी बातचीत एक लड़की से शुरू हुई थी। कुछ समय बाद लड़की ने कहा कि वह भारत आ चुकी है और मुंबई एयरपोर्ट पर उसके चेक को इंडियन करेंसी में बदलवाने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस की जरूरत है। इसके बाद पीड़ित ने बताए गए बैंक खाते में 69,900 रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपी ने और पैसे मांगे, तब पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
मामले की जांच करते हुए गुरुग्राम साइबर पुलिस ने 14 मई 2026 को नोएडा से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान चिनेडु, जेम्स संडे और जूल्स ककाओ के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से नाइजीरिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर लड़कियों की फर्जी आईडी बनाकर भारत में रहने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। पहले दोस्ती और भरोसा जीतते थे, फिर भारत आने, करेंसी एक्सचेंज, रजिस्ट्रेशन फीस और एंटी मनी लॉन्ड्रिंग जैसे बहाने बनाकर पैसे ट्रांसफर करवाते थे।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी जेम्स संडे साल 2022 में बांग्लादेश के रास्ते अवैध तरीके से भारत आया था। वहीं बाकी दो आरोपी स्टडी वीजा पर भारत आए थे। फिलहाल तीनों के पास से कोई वैध वीजा या पासपोर्ट नहीं मिला है। इसके बाद मामले में पासपोर्ट एक्ट और फॉरेनर एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप और 18 भारतीय व अंतर्राष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और सिम कार्ड की जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि आरोपी कई और साइबर ठगी मामलों में शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
