Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नई दिल्ली में स्थित बिहार भवन को नया स्थानिक आयुक्त मिल गया है। बिहार कैडर के 2009 बैच के IAS अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर पदभार संभाल लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी 2004 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी और बिहार सरकार के उद्योग सचिव श्री कुंदन कुमार से ली।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम बिहार भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जहां बिहार सरकार के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। माहौल काफी गर्मजोशी भरा रहा और अधिकारियों ने नए स्थानिक आयुक्त का स्वागत किया।

पद संभालने के बाद मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिहार भवन सिर्फ एक सरकारी कार्यालय नहीं, बल्कि दिल्ली में रहने वाले बिहारवासियों और बिहार सरकार के बीच एक अहम कड़ी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां की कार्यप्रणाली को और बेहतर, पारदर्शी और लोगों के लिए आसान बनाने पर फोकस किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार भवन में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं और तेज़ सेवाएं देने की दिशा में लगातार काम होगा। आम लोगों की समस्याओं को जल्दी सुनने और समाधान करने की कोशिश की जाएगी।
वहीं, पूर्व स्थानिक आयुक्त कुंदन कुमार ने मनोज कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार भवन अपनी जिम्मेदारियों को और प्रभावी तरीके से निभाएगा।
बिहार प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि दिल्ली में बिहार भवन राज्य सरकार के कई प्रशासनिक और समन्वय कार्यों का प्रमुख केंद्र है।
