Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
आउटर नॉर्थ जिले के मुंगेशपुर गांव के खेत में युवक की ईंट से वार कर हत्या के मामले में बवाना थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान औचंदी गांव के इंद्रजीत उर्फ सुस्सा, सागर और मॉन्टी के रूप में हुई है। आरोपी बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। पुलिस को आरोपीयों की तलाश में मुंबई, हरिद्वार तक छापेमारी करनी पड़ी। बाद में पुलिस ने इन्हें नरेला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बवाना थाना पुलिस ने प्रदीप के तीनों साथियों की तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार लोकेशन बदल रहे थे और राहगीरों के मोबाइल से फोन कर रहे थे। पुलिस की टीम ने तकनीकी निगरानी से उनकी गतिविधियों को ट्रैक किया। 3 अप्रैल को आरोपी इंद्रजीत का फोन गेटवे ऑफ इंडिया, मुंबई के पास ट्रेस हुआ। 5 अप्रैल को फोन हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास आया। 7 अप्रैल को फोन बादली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेस हुआ। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम ने नरेला रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता लगा कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।
यह था मामला
29 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे प्रदीप नामक युवक अपने तीन साथियों के साथ शराब पीने के लिए शराब की दुकान पर गया था। शराब खरीदकर वे मुंगेशपुर इलाके में पीने गए। रात 10 बजे प्रदीप ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि उसकी स्कूटी पंक्चर हो गई है और वह सोहटी-कुतुबगढ़ रोड के पास है, जल्दी घर आ जाएगा। इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। 31 मार्च को खेत में प्रदीप का शव बरामद हुआ। वह सड़ने लगा था। पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।




