Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
नरेला के बांकनेर गांव में चबूतरे पर बैठने को लेकर हुई मारपीट में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के राजेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 30 मार्च की रात करीब 9:30 बजे नरेला थाना पुलिस को जानकारी मिली कि गांव में झगड़ा हो रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घायल व्यक्ति को पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था। पास के अस्पताल में पुलिस को राजेंद्र की पत्नी और उनके बेटे मिले। उन्हें भी चोट आई थी। राजेंद्र के बेटे मोहित ने बताया कि उनके पड़ोसी कृष्ण और उसके बेटे अंकित व गोलू चबूतरे पर बैठने को लेकर पहले झगड़ने लगे और फिर उन्हें पीटा। इस दौरान उनके पिता राजेंद्र गिर गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
31 मार्च को राजेंद्र को सिर में दर्द व चक्कर आने लगे। उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर में आंतरिक चोट का पता लगाया, जिससे उनमें पैरालाइसिस के लक्षण दिखने लगे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अब हत्या की धारा भी जोड़ दी है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। इस मामले में आरोपी गोलू को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश और आगे की जांच जारी है।




