Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम की सड़कों पर देर रात हुआ एक मामूली एक्सीडेंट अचानक हिंसक वारदात में बदल गया। 21 फरवरी 2026 की रात सेक्टर-5 से सेक्टर-60 की ओर जा रहे एक रिटायर्ड फौजी की कार वाटिका चौक के पास फरीदाबाद रोड पर दूसरी कार से टकरा गई। हादसा सामान्य था, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

पीड़ित ने 23 फरवरी को थाना सेक्टर-50 में दी गई शिकायत में बताया कि जैसे ही वह गाड़ी का दरवाजा खोलकर नुकसान देखने बाहर निकला, दूसरी कार से कुछ युवक उतरे और उसे जबरन बाहर खींच लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ मारपीट की, जमीन पर गिराया और लात-घूंसों से हमला किया। इतना ही नहीं, बीयर की बोतल से उसकी कार की लाइट और शीशे भी तोड़ दिए गए। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब आरोपियों ने कथित तौर पर उसे अपनी कार में बैठाकर कहीं और ले जाने की कोशिश की। हालांकि उनकी गाड़ी स्टार्ट नहीं हो सकी और वे वहीं रुक गए।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मौके पर ही गाड़ी के नुकसान की भरपाई के नाम पर पीड़ित से 30 हजार रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर करवा लिए। घटना के बाद पीड़ित ने थाना सेक्टर-50 में लिखित शिकायत दी,https://web.whatsapp.com/ जिसके आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी को इस मामले में पांच आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज (23 वर्ष) निवासी निगाणीवास जिला रेवाड़ी, विकास (21 वर्ष) निवासी बगथला रेवाड़ी, निखिल (21 वर्ष) निवासी मसानी रेवाड़ी, साहिल (22 वर्ष) निवासी खेड़ी तलवाना जिला महेंद्रगढ़ और अंकित कुमार (22 वर्ष) निवासी खेड़ी तलवाना जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी 21 फरवरी को बादशाहपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। आरोपी पंकज, साहिल और अंकित रेवाड़ी स्थित एक निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि विकास बीए सेकंड ईयर और निखिल बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र है। प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि घटना के समय सभी एक ही वाहन में सवार थे।
थाना सेक्टर-50 की पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर बताती है कि सड़क पर होने वाला छोटा सा विवाद भी अगर संयम से न संभाला जाए तो हिंसा में बदल सकता है।




