Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
वसंत एनक्लेव इलाके में सेना के ब्रिगेडियर, उनकी पत्नी व बेटे से मारपीट, गाली गलौज के मामले में दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान मेहराम नगर के सतेंद्र उर्फ सोनू और संजय शर्मा के रूप में हुई है। सतेंद्र चौधरी एविएशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर है, जो चार्टर्ड फ्लाइट्स, कार्गो फ्लाइट्स और एयरक्राफ्ट की खरीद-बिक्री का काम करता है। वहीं संजय शर्मा पंडित जी नामक ढाबा चलाता है। पुलिस इस मामले में और आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

दरअसल 11 अप्रैल को सेना के ब्रिगेडियर परमिंदर सिंह अरोड़ा, अपनी पत्नी और बेटे के साथ घर लौट रहे थे। उन्होंने अपनी सोसाइटी के पास मर्सिडीज कंपनी की एक कार में बैठे दो लोगों को पब्लिक प्लेस में शराब पीते देखा। ब्रिगेडियर ने उन्हें शराब पीने से रोका तो वह नहीं माने। कार में बैठे लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने साथियों को कॉल कर दिया। थोड़ी देर में 7-8 और लोग मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने ब्रिगेडियर और उनके बेटे पर हमला कर दिया। बेटे को काफी चोटें आईं, जबकि ब्रिगेडियर को भी धक्का-मुक्की और मारपीट का सामना करना पड़ा। ब्रिगेडियर की पत्नी को भी धमकियां दी गईं।
परिवार का आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने कोई बीचबचाव नहीं किया और बाद में एफआईआर दर्ज करने में भी देरी की गई।
बढ़ते दबाव की वजह से पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ चल रही है। हमले में इस्तेमाल हुई मर्सिडीज कार भी जब्त कर ली गई है।




