Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Auhtor:Pardeep Narula
होली पर गुरुग्राम में कड़े सुरक्षा इंतजाम, 37 नाके और 4 QRT टीमें तैनात
गुरुग्राम, 03 मार्च 2026।
होली व फाग (धुलण्डी) के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने विशेष सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा (IPS) के निर्देशानुसार पूरे जिले में व्यापक स्तर पर निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

37 चेकिंग नाके, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल!! गुरुग्राम में कुल 37 चेकिंग नाके लगाए गए हैं। इनमें East जोन में 09, West जोन में 09, South जोन में 05, मानेसर जोन में 14 नाके शामिल हैं।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों, मॉल, सिनेमा हॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और होलिका दहन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
हुड़दंग, नशे में ड्राइविंग और बाइक स्टंट पर सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से ड्राइविंग करने, मोटरसाइकिल पर स्टंट या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चोरी व स्नैचिंग जैसी वारदातों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। सभी थाना व अपराध शाखा प्रभारी नियमित गश्त करेंगे।
4 QRT, 72 ERV और 135 राइडर टीमें अलर्ट
तत्पर प्रतिक्रिया के लिए 04 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT), 72 पुलिस ERV और 135 पुलिस राइडर्स की टीमें तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
सोशल मीडिया पर हेट स्पीच या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। गुरुग्राम पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




