Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 16 अप्रैल 2026: गुरुग्राम पुलिस ने एक संगठित अन्तरराजीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सस्ते दामों में सोने और चांदी के सिक्के बेचने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक शिकायतकर्ता से करीब 2.49 करोड़ रुपये नकद और लगभग 50 तोला सोना ठग लिया। ठगी की वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने पीड़ित को असली सोने-चांदी के सिक्के दिखाकर उसका भरोसा जीता। बाद में बड़ी डील के नाम पर नकली, यानी पीतल के सिक्के थमा दिए।
मामले की जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य गरीब मजदूर का भेष बनाकर लोगों से संपर्क करते थे। वे खुदाई में सोना मिलने की कहानी सुनाकर लोगों को सिक्के जांच कराने के लिए देते थे, जो असली निकलते थे। इसी भरोसे के आधार पर बड़ी रकम का सौदा तय कर लिया जाता था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ 30 लाख 5 हजार 700 रुपये नकद और 678 ग्राम सोना बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात और दिल्ली के रहने वाले लोग शामिल हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह का सरगना पिछले 25 वर्षों से ठगी की वारदातों में संलिप्त है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी कई हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बना चुका है।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।




