Bilkul Sateek News
चरखी दादरी, 12 मई। दादरी में कल देर शाम तेज रफ्तार बाइक एक ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ गई, जिसमें बाइक के परखच्चे उड़ गए और दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों युवा भाइयों की मौत की खबर सुनते है पूरे परिवार में शोक छा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बाइक सवारों ने ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मारी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक भाइयों के परिजनों की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों भाई मजदूरी का काम करते थे।
दादरी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के भाई के बयान के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।



