
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 16 मई। गुरुग्राम पुलिस ने अपने साथी को जिंदा जलाकर मार डालने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 15 साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर लगातार बचता फिर रहा था। पुलिस ने उसपर 5 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था। हत्या मार्च 2009 में की गई थी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हाल ही में गिरफ्तार किया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीओ स्टाफ मुख्यालय प्रभारी दीपक कुमार की टीम ने इस मामले में 15 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी दिनेश अहिरवार निवासी शोभा नगर बी.डी. कॉलोनी जिला दमोह (मध्य-प्रदेश) को आज दमोह (मध्य-प्रदेश) से गिरफ्तार किया। दिनेश अहिरवार लगातार अपना पता व ठिकाना बदल-बदल कर रेवाड़ी, चंडीगढ़ व अन्य स्थानों में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। जिसके चलते अभी तक दिनेश पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया पाया था।
इससे पहले पुलिस ने इसी मामले में 12 मई को गांव दुधवा जिला चरखी दादरी से 15 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के एक अन्य इनामी आरोपी सिद्ध लाल निवासी बेल खेड़ी जिला छतरपुर (मध्य-प्रदेश) को गिरफ्तार किया था।