
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 जून। गुरुग्राम में पड़ोसी का पैसा वापस करने की जगह पहले उसपर गंदे आरोप लगाए। फिर 20-30 लोगों ने घर में घुस कर घर के सदस्यों की बेरहमी से पिटाई की। जिसमें 7 लोग घायल हो गए। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों को अलग अलग अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक के सिर में गहरी चोट आई है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मार पिटाई का वीडियो और CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें कुछ महिलाएं भी लाठी डंडे मारते दिख रही हैं। आरोपी घर के पास खड़ी बाइकों को भी तोड़ते नजर आ रहे हैं।
मामला शीतला कॉलोनी में रविवार देर रात का है। यहां पर एक परिवार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। 20 से 30 लोगों ने घर में घुसकर लाठी डंडों से बुरी तरह से उन्हें मारा पीटा। हमला करने वालों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। शीतला कॉलोनी निवासी रोहित अग्रवाल ने बताया कि उसके जीजा दीपक ने विष्णु और उसके भाइयों को करीब साढ़े तीन लाख रुपये उधार दिए थे। अब वे रुपये नहीं लौटा रहे थे। उल्टा उसके जीजा पर महिला के साथ गलत रिश्ता रखने आरोप लगा दिया। इसका पंचायती तौर पर फैसला भी हो गया था।
इसी विवाद में 20 से 30 लोगों ने कल रात उसके जीजा के मकान पर हमला कर दिया। इनमें कई महिला भी शामिल थी। उन्होंने घर में घुसकर जीजा दीपक, उसके भाइयों और घर की महिलाओं को बाहर निकाला और लाठी-डंडों से मारना शुरू कर दिया।
रोहित ने बताया कि सूचना मिलने पर वह भी पहुंचा और बीचबचाव किया, लेकिन हमलावरों ने उसे भी लाठी डंडे मारकर लहूलुहान कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी फरार हो गए।
इस हमले में रोहित, दीपक, मंजू, दौलतराम, पिंकी समेत सात लोग घायल हो गए
रोहित अग्रवाल ने बताया कि हमलावर उनके जीजा के जानकार और पड़ोसी हैं, जिन्होंने उनके जीजा से पहले रुपये उधार लिए थे। अब रुपये वापस करने के बजाय, वे गलत आरोप लगाकर विवाद कर रहे हैं।
इस बीच, पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।