Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 8 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने के मामले में पंजाब के एक सरपंच को गिरफ्तार किया है। सरपंच ने हमला करने वाले शूटरों को अवैध हथियार उपलब्ध करवाए थे। पुलिस इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। थार गाड़ी में सवार सिंगर राहुल पर 14 जुलाई की शाम को फायरिंग की गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-31 प्रभारी आनंद कुमार की टीम ने इस मामले में 1 आरोपी को भटिंडा पंजाब से गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान बिक्रमजीत सिंह निवासी गांव कटोरा जिला फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि बिक्रमजीत सिंह गांव कटोरा में सरपंच के पद पर है और उसने अपने साथी गगनदीप को अवैध हथियार उपलब्ध कराए थे। इन अवैध हथियारों का वारदात में प्रयोग किया गया था।
इस मामले में गुरुग्राम पुलिस अब तक कुल 11 आरोपियों विशाल, हितेश, गौतम उर्फ छोटू, रमनदीप उर्फ पेट्रोल, शुभम उर्फ काला, शक्ति पांचाल व रामनिवास उर्फ कालू, सुनील सरधानिया, प्रदीप व गगनदीप उर्फ जज और बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके पास से वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी व हथियार इत्यादि भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा बिक्रमजीत सिंह को कल अदालत में पेश करके 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान उसके अन्य साथी आरोपियों व अन्य वारदातों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूछताछ में जो भी तथ्य समक्ष आएंगे उनके अनुसार अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।




