पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
बीएमडब्ल्यू कार को जब्त किया
फरार कार चालक की तलाश
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 14 मार्च। गुरुग्राम में ग्वाल पहाड़ी के पास रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार दौड़ रही बीएमडब्ल्यू कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद भी कार चालक नहीं रुका और उसने बाइक सवार दोनों युवकों को कुचल दिया। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई तो मौका देखकर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी।
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में बुलंदशहर निवासी दीपक ने बताया कि वह दिल्ली के छत्तरपुर भाटी माईंस में किराए पर रहता है और इवेंट कंपनी में काम करता है। उसके साथ ही गांव सुहाना जिला गाजियाबाद का विक्की कुमार (28 वर्ष) भी कार्यरत है। 12 मार्च की रात साढ़े बजे वह अपने दोस्त विक्की की मोटर साइकिल यामाहा पर बैठकर गुरुग्राम खाना खाने के लिए आ रहे थे।
रात करीब 11.30 बजे ग्वाल पहाड़ी के नजदीक अडानी कंपनी के पास सामने से गलत दिशा से एक कार तेज रफ्तार से आती नजर आई। चालक ने बाइक को सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे दोनों बाइक सहित सड़क पर गिर गए। बाइक को विक्की चला रहा था, तो उसे काफी चोट आई थी। गाड़ी का नंबर देखने पर एचपी38ई 0077 था और यह कार बीएमडब्ल्यू थी। हादसे में उसके हाथ पैर और मुंह पर चोट आई। जबकि विक्की के सिर में और छाती में गंभीर चोट लगी थी। कुछ देर में ही मौके पर पुलिस आ गई और उन्हें इलाज के लिए मरेंगो एशिया अस्पताल सेक्टर-56 ले जाया गया। उसके बाद विक्की को इलाज के लिए सफदरजंग दिल्ली अस्पताल में रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
जांच अधिकारी चंदगी राम ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इस हादसे में विक्की की मौत हो गई है। कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। कार को जब्त कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया जाएगा।



