Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 07 अप्रैल 2026 गुरुग्राम पुलिस ने उगाही और गुंडागर्दी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए IMT मानेसर क्षेत्र में सक्रिय एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार, 06 अप्रैल 2026 को HSIIDC की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-7 IMT मानेसर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बलबीर उर्फ छल्ला, निवासी गांव कासन, गुरुग्राम, लंबे समय से HSIIDC की जमीन पर अवैध कब्जा कर खोखे, दुकानें और झुग्गियां बनाकर लोगों से उगाही कर रहा था। आरोपी पर आरोप है कि वह धमकी देकर और डर का माहौल बनाकर अवैध वसूली करता था।
शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर क्राइम यूनिट पालम विहार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और आबकारी अधिनियम के तहत कुल 7 मामले दर्ज हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की उगाही, धमकी या असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि वह आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




