Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 07 अप्रैल 2026: गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक फार्महाउस मालिक की उसके ही नौकर ने तेजधार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 06 अप्रैल 2026 को थाना सदर सोहना के अंतर्गत पुलिस चौकी निमोठ को सूचना मिली कि सोहना-बल्लभगढ़ रोड स्थित हरचंदपुर बस अड्डे के पास एक फार्महाउस में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान राहुल (36 वर्ष), निवासी गांव घाटा, गुरुग्राम के रूप में हुई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
मृतक के भाई की शिकायत के अनुसार, फार्महाउस की देखभाल के लिए खेमचंद नामक व्यक्ति को रखा गया था। 5 अप्रैल की रात राहुल फार्महाउस पर गया था, जिसके बाद अगले दिन उसकी हत्या की सूचना मिली। आरोपी खेमचंद मौके से फरार था और उसका फोन भी बंद था।
पुलिस जांच के दौरान अपराध शाखा सोहना की टीम ने 7 अप्रैल को आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान खेमचंद (65 वर्ष), निवासी हीरापुर खुर्द, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले लगभग 20 वर्षों से मृतक के यहां काम कर रहा था। करीब डेढ़ साल पहले विवाद के चलते उसने काम छोड़ दिया था, लेकिन बीच-बीच में आता-जाता रहता था। करीब 2 महीने पहले वह फिर से काम पर लौटा था।
आरोपी ने खुलासा किया कि मृतक द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती थी, जिससे वह नाराज था। इसी रंजिश के चलते 5 अप्रैल की रात उसने फार्महाउस में रखे दरांत (तेजधार हथियार) से राहुल की गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
