
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 14 जून। फरीदाबाद की अरावली पर्वत श्रृंखला में प्रशासन ने 6000 मकानों पर बुलडोजर चलाने के लिए मकान मालिकों को नोटिस भेजा है। प्रशासन ने मकान मालिकों को 15 दिन का समय दिया है, अगर तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जिला प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। प्रशासन ने कुछ इलाकों में बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है, जिसमें ध्वस्तीकरण के लिए छह बुलडोजर लगाए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद से अरावली से अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया चल रही है।
आपको बता दें कि अरावली पर्वत श्रृंखला में आनंगपुर, आंखिर, लकड़पुर और मेवला महाराजपुर गांव में सबसे अधिक अवैध निर्माण हुए हैं, जिन्हें प्रशासन ने 15 दिन में खुद ही तोड़ने के लोगों को आदेश जारी किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन चार गांवों में 6793 अवैध निर्माण पाए गए हैं। इसकी पूरी लिस्ट जिला प्रशासन ने तैयार कर ली है, इन्हें नोटिस भी दिए जा चुके हैं। वन विभाग ने इस पूरे इलाके का सर्वे भी करवाया था जिसकी रिपोर्ट में बताया गया था कि 6000 के करीब अवैध निर्माण हो चुके हैं। साल की शुरुआत में फिर से वन विभाग ने सभी 700 जगह पर बने 6000 से ज्यादा अवैध निर्माणों को नोटिस दिया, जिसके बाद उनमें से सिर्फ 50 को ही तोड़ा गया है।
हरियाणा चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने हाल ही में सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक भी ली थी। उसमें उन्होंने कहा था कि जो भी अवैध निर्माण तोड़ा जा रहा है, उसका मलबा वहां से साफ कर दिया जाए। जंगल के क्षेत्र में किसी भी तरह का मलबा नहीं होना चाहिए। इसलिए अवैध निर्माणकर्ताओं को 15 दिन का समय भी दिया गया है।