
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 मार्च। हरियाणा में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जहां, होली की पूर्व संध्या में कई जगह बारिश के साथ ओले पड़े, वहीं होली पर दिल्ली समेत राज्य के 10 जिलों में बारिश हुई। प्रदेश में आज भी बादल छाए हुए हैं और आज भी बारिश के आसार बने हुए है। राज्य में हुई तेज बारिश के ओलावृष्टि से किसानों की फसलों का भारी नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज भी हरियाणा के अधिकांश इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है। इससे लोगों को दिन की गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा और इसके बाद आंधी और तेज हवाएं चलेंगी।
वहीं, होली के दिन हरियाणा के 10 जिलों में बारिश हुई। पानीपत, सोनीपत, हिसार, भिवानी, फतेहाबाद के टोहाना, जींद के उचाना, नूंह, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और झज्जर में बारिश हुई। इसके अलावा नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम में आंधी के साथ हल्की बारिश हुई।