
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 मई। हरियाणा सरकार ने जहां कल रात गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त अशोक कुमार गर्ग समेत 6 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। वहीं, नगर निगम शहर से अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सड़कों से रेहड़ी पटरी वालों को हटाने के लिए सुबह से ही मुस्तैदी से जुट गया। नोडल अधिकारी आर एस बाठ आज सुबह छह बजे ही अपने अमले के साथ खांडसा रोड पर पहुंच गए। वहां पर उन्होंने 40 से अधिक रेहड़ियों को हटवाया और बुलडोजर की मदद से उन्हें तोड़ दिया गया। इन दिनों बाठ अपने चौंकाने वाले अंदाज के लिए जाने जा रहे हैं। बाठ ने कल शाम ही यहां कार्रवाई करते हुए 3 दर्जन से ज्यादा रेहड़ियों को तोड़ा था। इस बीच, रेहड़ी-पटरी वालों ने नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
इधर, डीटीपी आरएस बाठ ने साफ तौर पर कहा कि अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान शहर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाने के लिए चलाया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है और पैदल यात्रियों को परेशानी होती है। हमारा उद्देश्य शहर को बेहतर बनाना है।
निगम अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बैठक में अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने और शहरों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा था।
इस बीच, रेहड़ी-पटरी वालों ने नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। प्रभावित रेहड़ी वालों का कहना है कि यह कार्रवाई उनकी आजीविका पर हमला है।
रेहड़ी-पटरी यूनियन के नेताओं का कहना है कि हम सरकार से मांग करते हैं कि हमें वैकल्पिक स्थान या रेहड़ी जोन दिए जाएं। बिना किसी योजना के हमारी रोजी-रोटी छीनना गलत है।