स्कूल परिसर में एक कमरा, दो शौचालय, मुख्य गेट, रंग-रोगन किया जाएगा
विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षिक वातावरण
सीएसआर के तहत होंडा कंपनी खर्च करेगी 20 लाख
Bilkul Sateek News
मानेसर, 6 नवंबर। मानेसर नगर निगम के गांव कुकडौला के सरकारी स्कूल का कायाकल्प होगा। मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने आज स्कूल में होंडा कंपनी के सहयोग से शुरू हो रहे विकास कार्यों का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। होंडा कंपनी सीएसआर के तहत स्कूल में 20 लाख रुपये खर्च करेगी।
इस दौरान मेयर ने बताया कि सीएसआर के तहत कंपनी स्कूल में एक कमरा, छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय, मुख्य गेट, टाइल्स लगाने, रंग-रोगन और वर्षा जल के संचयन के लिए वाटर हार्वेस्टिंग पिट का निर्माण करेगी। इन कार्यों के पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को न केवल बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा, बल्कि स्वच्छता और जल संरक्षण की दिशा में भी एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी के प्रतिनिधि निगम के साथ सहयोग कर रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास में योगदान दे रहे हैं। नगर निगम और कंपनी के संयुक्त प्रयास से कुकडौला गांव में शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में नई शुरूआत हो रही है, जोकि निगम क्षेत्र के गांवों और अन्य निजी कंपनियों के लिए प्रेरणा बनेगी। इस दौरान उनके साथ पार्षद भूपेंद्र, रविंद्र यादव, प्रदीप शर्मा, कृष्ण जैन, प्रवीन कुमार, जयपाल कुमार, होंडा के सीनियर डायरेक्टर विनय ढ़ीगरा, सीएसआर प्रमुख राजीव तनेजा, संदीप कुमार और कमल यादव भी मौजूद थे।




