Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 8 नवंबर। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वाधान में आरंभ होने जा रही सप्त दिवसीय ’भगवान शिव कथा’ का शनिवार सुबह 11 बजे भव्य ’मंगल कलश यात्रा’ के माध्यम से शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा में 1100 से अधिक सौभाग्यवती महिलाओं ने भाग लिया। हर-हर महादेव और जय शिव शंकर के गगनभेदी जयकारों के साथ कलश यात्रा सेक्टर-10ए कम्युनिटी सेंटर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों और बाजारों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंची। इस दौरान कलश यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।
आपको बता दें कि शिव कथा 9 से 15 नवंबर तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात्रि साढ़े आठ बजे तक सेक्टर दस में यूरो इंटरनेशनल स्कूल के पास हुडा ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। कथा वाचन गुरु आशुतोष महाराज के शिष्य डॉ. सर्वेश्वर द्वारा किया जाएगा।
यह शिव कथा, दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के ‘कामधेनु प्रकल्प’ (गो संरक्षण एवं संवर्धन अभियान) को समर्पित है। संस्थान का यह अभियान भारतीय गौ-वंश के सामाजिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कृषि एवं आर्थिक योगदान के आधार पर उसकी पुनः प्रतिष्ठा तथा संरक्षण हेतु जागरूकता फैलाने का सतत प्रयास करता है।
कलश यात्रा में स्कूल और कॉलेज की छात्राओं ने गो-संरक्षण के संदेशों वाली तख्तियों के साथ भाग लिया। तख्तियों पर समाज को जागरूक करने वाले प्रभावशाली संदेश लिखे हुए थे।
कलश यात्रा आशुतोष महाराज के शिष्य स्वामी तेजोमयानंद एवं साध्वी मृदुला भारती के नेतृत्व में सेक्टर-10ए कम्युनिटी सेंटर से रवाना हुई। पीत वस्त्रों में सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। लगभग 3 किलोमीटर की यह यात्रा सेक्टर-10 के विभिन्न मार्गों और गलियों से होकर कथा स्थल पर संपन्न हुई। जगह-जगह पर स्थानीय नागरिकों ने फूल वर्षा एवं जलपान-फलाहार की व्यवस्था कर यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ में उपस्थित प्रमुख अतिथियों में पवन कुमार जिंदल (अध्यक्ष, दौलताबाद इंडस्ट्रियल एसोसिएशन), श्रीपाल शर्मा (अध्यक्ष, कादीपुर इंडस्ट्रियल एरिया), विनय गुप्ता (अध्यक्ष, हरियाणा बार एसोसिएशन), टी. सी. अग्रवाल (अध्यक्ष, वैश्य समाज, सेक्टर-10), विनोद गुप्ता (ओनर, पिक इंडिया), अमित यादव (अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए सेक्टर-10), महावीर यादव (पार्षद, सेक्टर-10), आशीष यादव (पार्षद, वार्ड-27), बी. एस. यादव (महासचिव, यादव कल्याण परिषद), राकेश गुप्ता (जनरल सेक्रेटरी, वैश्य समाज), डॉ. उषा, प्रवीण गर्ग, अरुण अग्रवाल, एम. पी. गौतम समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने झंडी दिखाकर कलश यात्रा को रवाना किया। यात्रा के समापन स्थल पर भंडारे का वितरण किया गया।




